भागलपुर के सबौर प्रखंड से पंचायत सरकार भवन निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत बरारी में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन को लेकर पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (PPO) सबौर को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। मुखिया ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, गति और एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि सबौर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरारी में कात्यानी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी द्वारा पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य मई 2025 में शुरू हुआ था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। आरोप है कि अब तक कार्य केवल बैंड स्तर तक ही पहुंच पाया है, वह भी बिना गुणवत्ता के।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री बेहद घटिया किस्म की है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पंचायत सरकार भवन के पिलर, बैंड और ढांचे का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। जैसे-तैसे काम कर औपचारिकता निभाई जा रही है, जो भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
मुखिया जयकरण पासवान ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि निर्माण कार्य की इस स्थिति को देखकर पंचायत के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का मानना है कि घटिया निर्माण का सीधा ठीकरा पंचायत प्रतिनिधियों पर फोड़ा जाएगा, जिससे पंचायत और मुखिया की छवि धूमिल हो रही है। इस कारण पंचायत स्तर पर तनाव की स्थिति भी बनती जा रही है।
मुखिया ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी से आग्रह किया है कि निर्माण एजेंसी को विभागीय स्तर से सख्त निर्देश दिया जाए, ताकि समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने पंचायत सरकार भवन का स्थलीय निरीक्षण कर दोषी एजेंसी पर उचित कार्रवाई करने और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
इस शिकायत की प्रतिलिपि प्रखंड विकास पदाधिकारी सबौर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी भागलपुर और जिला अधिकारी भागलपुर को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और पंचायत सरकार भवन निर्माण में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित हो पाती है या नहीं।
