दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर गांव में 30 जनवरी से शुरू हुआ एक सामान्य मजदूरी विवाद देखते ही देखते बड़े जातीय टकराव में बदल गया। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद विवाद की असल जड़ पर से पर्दा उठता दिख रहा है। वीडियो में ग्रामीणों के बीच झगड़े और तनावपूर्ण हालात साफ देखे जा सकते हैं।

 

जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को हेमकांत झा के मकान निर्माण का कार्य कैलाश पासवान द्वारा किया गया था, जिसमें करीब 2 लाख 47 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। इसी रकम को लेकर जब हेमकांत झा की बहन और बहनोई गांव के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी कैलाश पासवान ने उनकी गाड़ी रोककर बकाया राशि की मांग की। आरोप है कि इसी दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका।

 

इसके बाद गांव में पंचायत भी हुई, जहां विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन वहां भी कहासुनी और तनाव बढ़ता चला गया। धीरे-धीरे यह विवाद पासवान और ब्राह्मण समुदाय के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच गांव का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

 

हालांकि, सामने आए वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट होता है कि शुरुआती विवाद जातीय नहीं, बल्कि रुपये के लेनदेन से जुड़ा था, जो बाद में बढ़ते-बढ़ते जातीय रंग ले बैठा। इसके बाद SC-ST एक्ट के तहत पूरे गांव को आरोपी बनाते हुए करीब 70 नामजद और लगभग 15 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। अब तक इस मामले में 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

SC-ST पक्ष का आरोप है कि मजदूरी मांगने पर ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने उनके घरों पर हमला किया, जिसमें 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में चल रहा है।

 

इस पूरे मामले पर दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने मोबाइल पर बातचीत में बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है। उन्होंने कहा कि करीब 70 लोगों पर FIR दर्ज की गई है, 15 के करीब अज्ञात आरोपी भी हैं और 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था बहाल है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *