भागलपुर के नाथनगर स्थित पासी टोला दुर्गास्थान में शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और आस्था के साथ किया गया। आयोजन की शुरुआत पंचांग पूजन के साथ हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर-हर महादेव के जयकारों से इलाका गूंज उठा।

 

आयोजन के तहत भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा पासी टोला दुर्गास्थान से प्रारंभ होकर के.बी. लाल रोड होते हुए बाबा मनसकामना नाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत जल भरकर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात शोभा यात्रा मारबाड़ी पट्टी होते हुए नर्सिंग भगवान ठाकुर स्थान पहुंची और वहां से पुनः पासी टोला दुर्गा मंदिर लौटकर संपन्न हुई। शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों और जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

 

शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन के निवेदक जिला पासी नवयुवक संघ एवं समस्त पासी समाज, नाथनगर हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूजा-अर्चना का दायित्व प्रसिद्ध पुरोहित पंडित माना शुक्ला द्वारा निभाया जा रहा है। वहीं यजमान के रूप में शम्भू चौधरी अपनी पत्नी के साथ विधिवत पूजन में शामिल होकर सभी धार्मिक विधियों का निर्वहन कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष उमेश कांत चौधरी, कोषाध्यक्ष रामेश्वर चौधरी सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी विजय कुमार यादव, मुन्ना यादव, शंकर चौधरी, बिक्रम चौधरी, इंद्रदेव चौधरी, पन्नालाल चौधरी, रवि चौधरी समेत बड़ी संख्या में पासी समाज के लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे।

 

आयोजकों ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न वैदिक अनुष्ठान, हवन-पूजन और भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *