भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजानी पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात बाइक सवार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना की गश्ती टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। मौके पर पहुंचे गश्ती पदाधिकारी एएसआई उमेश शुक्ला, हवलदार हरेंद्र प्रसाद एवं सिपाही लखन कुमार ने मानवता और कर्तव्य का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अपने सरकारी वाहन से मायागंज अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण घायल को समय पर इलाज मिल सका।
मायागंज अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। घायल युवक की पहचान भूषण यादव, निवासी गौराचक्की, थाना बाईपास के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए हैं।
घटना के संबंध में बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि शब-ए-बारात पर्व को लेकर पूरे थाना क्षेत्र में पुलिस बल और गश्ती दल अलर्ट मोड पर तैनात हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार वाहन जांच व गश्त की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामले में अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि संकट की घड़ी में पुलिस आम लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है।
