बिहार के सहरसा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आगामी होली पर्व को लेकर बिहार सरकार के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग लगातार सघन अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में 03 फरवरी 2026 की रात उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर सहरसा–बैजनाथपुर पूर्व गमरिया ढाला के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र अंतर्गत गमरिया ढाला के समीप एक संदिग्ध हुंडई वर्ना कार को रोककर तलाशी ली गई। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01BP-7752 बताया जा रहा है। जांच के दौरान जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो कार के बोनट के नीचे, इंजन के पास बेहद चालाकी से छुपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई।
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से कुल 26.910 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की। शराब की बरामदगी के बाद मौके पर मौजूद दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० साबिर (उम्र 22 वर्ष), जो वाहन का चालक था, और दीपक कुमार (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बैजनाथपुर थाना क्षेत्र, जिला सहरसा के निवासी बताए जा रहे हैं।
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व निरीक्षक मद्यनिषेध सह थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने किया। उनके साथ एएसआई महेश कुमार सहित उत्पाद विभाग की विशेष टीम शामिल थी। अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले में लगातार वाहन जांच और छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि होली के मद्देनज़र अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
