देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है और उत्तर भारत एक बार फिर मौसम की मार झेलने को तैयार है। बीते मंगलवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, वहीं दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में ठंड ने फिर से दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के मुताबिक आने वाले सात दिन आसान नहीं होंगे, क्योंकि उत्तर भारत पर तीन पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक असर दिखाने वाले हैं।

 

IMD ने चेतावनी दी है कि इस दौरान आंधी-तूफान, तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। साथ ही ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी एक बार फिर बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ पहले से सक्रिय है, दूसरा 5 फरवरी से सक्रिय होगा, जबकि तीसरा विक्षोभ 8 फरवरी के आसपास उत्तर भारत के मौसम को और बिगाड़ सकता है।

 

उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं येलो तो कहीं ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

 

दिल्ली-एनसीआर में पिछले डेढ़ दिन से हो रही बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। 4 फरवरी को दिन में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बनी रहेगी। इसका असर ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं पर भी पड़ सकता है।

 

उत्तर प्रदेश में हालात और ज्यादा बिगड़ने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी जिलों तक तेज बारिश, गरज-चमक और ओले गिरने की संभावना है। तेज हवाएं चलेंगी और अगले 24 घंटों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। साथ ही घना कोहरा जनजीवन और यातायात दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *