सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत यादव चौक के समीप बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में नारायणी अस्पताल में कार्यरत 30 वर्षीय डॉक्टर शाहिद इकबाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से टकरा गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल डॉक्टर को इलाज के लिए नारायणी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस तोड़फोड़ में नारायणी अस्पताल के कुछ स्टूडेंट्स और डॉक्टर भी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थिति तनावपूर्ण होती देख सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार और ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सदर थाना अध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में एक डॉक्टर घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब डॉक्टर शाहिद इकबाल शहर के बाजार से खाना खाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
गोपालगंज के रहने वाले हैं डॉक्टर
डॉ. शाहिद इकबाल मूल रूप से गोपालगंज जिले के निवासी हैं और पिछले एक वर्ष से सहरसा नगर निगम क्षेत्र स्थित नारायणी अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
