भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदान टोला में स्कूली बच्चों के बीच हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस घटना में दो परिवार आपस में भिड़ गए, जिसमें दोनों पक्षों से कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में सबसे गंभीर रूप से घायल आठवीं कक्षा के छात्र मनीष कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

 

जानकारी के अनुसार मनीष कुमार गांव के ही एक स्कूल में पढ़ाई करता है। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को स्कूल में मनीष का अपने सहपाठी प्रिंस से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गाली-गलौज हुई और इसी बीच मनीष ने प्रिंस को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद प्रिंस के परिजन स्कूल पहुंच गए और आरोप है कि शिक्षकों की मौजूदगी में ही मनीष की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट के बाद मनीष बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस की मदद से घायल मनीष को पहले नवगछिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

इधर, बेटे की गंभीर हालत की जानकारी मिलने के बाद मनीष के परिजन आक्रोशित हो गए। गुस्साए परिजन आरोपी के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इस दूसरी झड़प में मनीष के पिता दिलीप मंडल का सिर फट गया, जबकि राजकुमार और राधा देवी को भी चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से प्रिंस के चाचा को भी गंभीर चोटें आई हैं।

 

घटना की सूचना पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *