सोनीपत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज तीन हजार रुपये शॉपिंग के लिए न मिलने पर पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पत्नी सरिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी सत्यपाल पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है।
मृतक रामकिशन मूल रूप से ककाना गांव का रहने वाला था और वर्तमान में सोनीपत के कोट मोहल्ला में अपने माता-पिता और तीन बच्चों के साथ रहता था। वह आशीर्वाद गार्डन में चौकीदार के रूप में काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन रामकिशन ड्यूटी से लौटकर गहरी नींद में सो गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी सरिता ने अपने प्रेमी सत्यपाल को घर बुला लिया।
पूछताछ में सरिता ने पुलिस को बताया कि वह पति की कथित प्रताड़ना और रोज-रोज के झगड़ों से तंग आ चुकी थी। उसने प्रेमी सत्यपाल को पहले ही बता दिया था कि ड्यूटी के बाद रामकिशन गहरी नींद में सोता है और वही उसे मारने का सही वक्त होगा। योजना के अनुसार सत्यपाल ने सोते हुए रामकिशन के मुंह पर तकिया रखकर दम घोंटा, जबकि सरिता ने उसके प्राइवेट पार्ट को दबाकर मौत को अंजाम दिया।
हत्या के बाद सरिता का व्यवहार और भी हैरान करने वाला था। उसने पति के शव को चादर ओढ़ा दी और सुबह अपने दो बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गई। सास-ससुर से कह दिया कि रामकिशन देर से उठेगा। बाद में जब तीसरा बेटा पिता को जगाने पहुंचा तो कोई हरकत नहीं हुई, तब परिवार को अनहोनी का शक हुआ।
पुलिस जांच में कमरे से तकिया बरामद हुआ और शव पर संदिग्ध चोटों के निशान मिले, जिससे मामला हत्या का निकला। आगे की छानबीन में पता चला कि हत्या से एक दिन पहले सरिता ने शॉपिंग के लिए तीन हजार रुपये मांगे थे, जिसे लेकर दोनों में जमकर विवाद हुआ था। साथ ही, रामकिशन को पत्नी और सत्यपाल के अवैध संबंधों की भनक लग चुकी थी, जिससे घर में तनाव बढ़ गया था।
बताया जा रहा है कि रामकिशन और सत्यपाल की दोस्ती जेल में हुई थी और जमानत के बाद सत्यपाल का घर आना-जाना बढ़ गया था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अंततः इस रिश्ते ने एक परिवार को उजाड़ दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
