सहरसा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मंगलवार को हुए एक भीषण दुर्घटना में SBI के CSP संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान परसमा परसौनी वार्ड संख्या 12 निवासी 40 वर्षीय अजीत कुमार सिंह, पिता देवेंद्र नारायण सिंह के रूप में हुई है। अजीत कुमार सिंह परसमा बाजार में भारतीय स्टेट बैंक का CSP केंद्र चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे पुत्र हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अजीत कुमार सिंह अपाचे बाइक से परसमा से सहरसा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सुपौल–सहरसा मुख्य मार्ग पर बिहरा और सिंहौल के बीच पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजीत कुमार सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उठाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो मधुबनी जिले की बताई जा रही है और वाहन पर सवार चार लोगों को बिहरा पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि इस संबंध में बिहरा थाना अध्यक्ष शशिराणा ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि घटना में स्कॉर्पियो पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि बिहरा–सिंघौल मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है।
