भागलपुर जिले के नगर परिषद सुल्तानगंज अंतर्गत वार्ड संख्या 19 स्थित सीतारामपुर गांव में देर रात एक टेंट हाउस के गोदाम में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। इस घटना में मां सरस्वती टेंट हाउस के गोदाम में रखे लाखों रुपये के सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग लगने की यह घटना सोमवार की रात करीब 11 बजकर 30 मिनट की बताई जा रही है।

 

मां सरस्वती टेंट हाउस के मालिक पंकज कुमार साह ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार बंटी चौधरी, गोल्डन चौधरी, अभिषेक चौधरी, बद्री यादव और लक्की यादव समेत अन्य लोग रात में गोदाम पहुंचे और पहले धमकी दी, इसके बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

 

आग लगने से गोदाम में रखे कुर्सी, टेबल, सोफा, शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली कुर्सियां, कंबल, डीजे फ्लोर, फाइबर युक्त अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि इस घटना में उन्हें करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। मौके पर तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

 

इस घटना के बाद टेंट हाउस मालिक और उनका पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आगजनी के कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *