भागलपुर। जय माता दी सेवा समिति के बैनर तले भागलपुर से श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था मां वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए रवाना हुआ। यह जत्था भागलपुर–आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस से जम्मू के लिए प्रस्थान किया। समिति के अध्यक्ष विजय शाह और संयोजक डॉक्टर मृणाल शेखर के नेतृत्व में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 125 से अधिक श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल हुए। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालु 27 दिसंबर को भागलपुर से रवाना हुए।

 

श्रद्धालुओं के रवाना होते समय भागलपुर रेलवे स्टेशन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। “जय माता दी” के जयकारों और माता के भजन-कीर्तन से स्टेशन गूंज उठा। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भजन गीतों पर झूमते-नाचते नजर आए, जिससे स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों में भी भक्ति का उत्साह देखने को मिला।

 

श्रद्धालुओं ने बताया कि जय माता दी सेवा समिति के बैनर तले यह यात्रा पिछले 44 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। नव वर्ष के आगमन से पूर्व सभी श्रद्धालु मां वैष्णो देवी का दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि माता के दर्शन और आशीर्वाद से उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मकता मिलती है, जिससे वे पूरे वर्ष अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर ढंग से कार्य कर पाते हैं।

 

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भागलपुर सहित पूरे देश और विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पहचान पूरे विश्व में बनी रहे, इसके लिए सभी ने मां वैष्णो देवी से प्रार्थना की। यात्रा में वशिष्ठ नारायण सिंह, नीरज कुमार, विवेक ओझा, चंदन मालाकार, रंजीत गुप्ता, अनीता देवी, पूजा देवी, रेखा शर्मा, सुनैना देवी सहित कुल 125 से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं।

 

श्रद्धालुओं का यह जत्था मां वैष्णो देवी के दर्शन कर नव वर्ष का स्वागत करेगा और माता का आशीर्वाद लेकर लौटेगा। देखिए, भागलपुर से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं की विशेष तस्वीरें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *