बिहार में ठंड ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कनकनी बढ़ गई है। पिछले छह दिनों से कई जिलों में तेज और ठंडी पछुआ हवा चल रही है, जिसकी वजह से दिन और रात के तापमान में ज्यादा फर्क नहीं रह गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह से लेकर देर रात तक लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 दिसंबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस बार ‘ला नीना’ के प्रभाव के चलते ठंड ज्यादा दिनों तक बनी रह सकती है। विभाग का अनुमान है कि फरवरी महीने तक इसका असर देखने को मिल सकता है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यानी 25 दिसंबर को पूरे बिहार में कोल्ड वेव और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। लगातार धूप नहीं निकलने से दिन में भी ठिठुरन बनी हुई है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। बुधवार को भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि राजगीर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
घने कोहरे ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गया में सबसे ज्यादा कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी महज 50 मीटर तक सिमट गई। पटना में सुबह के समय घने कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। पिछले 24 घंटे में पटना समेत उत्तरी बिहार में दिन के तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि दक्षिण बिहार में हल्की गिरावट देखने को मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 29 दिसंबर तक पूरे बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान बेहद घना कोहरा छाया रहेगा, खासकर शाम ढलते ही कोहरे की तीव्रता बढ़ेगी। देर रात और सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है। ठंडी हवाओं के साथ बढ़ती कनकनी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है और मौजूदा हालात को देखते हुए ठंड की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
