भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनपुर पश्चिम टोला में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

 

घायलों की पहचान मोहम्मद फरहान और मोहम्मद बकार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब दो दिन पहले मोहम्मद फरहान और मोहम्मद बकार का अपने पड़ोस में रहने वाले हसन और हुसैन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामला किसी तरह शांत करा दिया गया था, लेकिन अंदर ही अंदर रंजिश बनी रही।

 

आरोप है कि देर रात विवाद सुलझाने के बहाने दोनों युवकों को पानी टंकी के पास बुलाया गया। जब वे वहां पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों युवक संभल भी नहीं पाए और बदमाशों ने उन पर बेरहमी से वार करना शुरू कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि मोहम्मद बकार पर सिर, पेट और पीठ पर कई बार चाकू से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं मोहम्मद फरहान को भी चाकू से चोटें आई हैं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों घायलों को बचाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल भागलपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। बकार की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद मोजाहिदपुर थाना की पुलिस सदर अस्पताल और मायागंज अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ की। पुलिस ने परिजनों से भी पूरे मामले की जानकारी ली है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *