बिहार की राजधानी पटना से बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की जिंदगी उस वक्त खत्म हो गई, जब उसे पटना नगर निगम के एक डंपर ने कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

 

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बाईपास थाना क्षेत्र के जगनपुरा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुआ। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने किसी परिजन के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा केंद्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे पटना नगर निगम के डंपर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा डंपर के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

 

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों का कहना है कि डंपर काफी तेज गति में था और चालक ने किसी तरह की सावधानी नहीं बरती।

 

घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक छात्रा की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और परिजनों की तलाश की जा रही है।

 

हादसे के भयावह दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए। कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों में नगर निगम के वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन बड़े वाहनों की वजह से हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

 

पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और नगर निगम से संबंधित वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *