भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी का जन्मदिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही, जहां सभी ने एकजुट होकर सोनिया गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके लंबी उम्र व अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए केक काटा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और पार्टी गीत के साथ हुई, जिसके बाद पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने संबोधन देते हुए सोनिया गांधी के योगदान और उनके त्यागपूर्ण राजनीतिक जीवन को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में नेहरू-गांधी परिवार की भूमिका हमेशा ऐतिहासिक रही है। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्रनिर्माण में किए गए कार्यों और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के तकनीकी क्रांति वाले योगदान को भी विशेष रूप से स्मरण किया।
अपने संबोधन में अजीत शर्मा ने वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी हुई है और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने दावा किया कि जनता के सही जनादेश को बदलने की कोशिश हुई है, जिसका विरोध करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इसी संदर्भ में उन्होंने भागलपुर सहित पूरे बिहार के लोगों से अपील की कि वे 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल हों। उनका कहना था कि यह आंदोलन केवल बिहार के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश में चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रखने के लिए जरूरी है, ताकि भविष्य में अन्य राज्यों में ऐसी घटनाएं न हों।
जन्मदिवस समारोह में राजेश सिंह, मिंटू कुरैशी, रबिन्द्र यादव, अभय आनंद, खुशबू, मीनाक्षी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे सोनिया गांधी के नेतृत्व और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत बनाने में निरंतर कार्य करेंगे। समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
