भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में प्रशासन की ओर से बुधवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। बिहार सरकार द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं के सुचारू और पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने के बाद यह जांच अभियान शुरू किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य विभिन्न पंचायतों में संचालित सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता, प्रभावशीलता और लाभुकों तक उनकी वास्तविक पहुंच का आकलन करना था।

 

निरीक्षण दल का नेतृत्व कहलगांव एसडीएम अशोक प्रसाद मंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अभिमन्यु कुमार ने किया। संयुक्त टीम ने सलेमपुर, पीरपैंती नगर पंचायत की खाद्य दुकान, पीरपैंती बाजार समेत कई पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय, जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों, खाद्य दुकानों, उर्वरक प्रतिष्ठानों तथा राजस्व विभाग से जुड़े भूमि विवाद मामलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

टीम ने सभी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण सामग्री वितरण, बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की गई। विद्यालयों में उपस्थिति रजिस्टर, शिक्षण व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।

 

जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण की पारदर्शिता और लाभुकों की संतुष्टि को जांचा गया। खाद्य दुकानों और उर्वरक प्रतिष्ठानों में स्टॉक और वितरण प्रक्रिया पर भी अधिकारियों की पैनी नजर रही। वहीं, स्वास्थ्य केंद्रों में दवा उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।

 

कई जगहों पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जहाँ कमियाँ पाई गईं वहाँ तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एसडीएम अशोक प्रसाद मंडल ने कहा कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं और सेवाओं की समग्र समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश गया है कि सरकारी योजनाओं को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ लागू किया जा रहा है। निरीक्षण अभियान से लोगों में यह विश्वास भी बढ़ा है कि प्रशासन लगातार निगरानी रखकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजनाओं का सही लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed