संवेदनशील क्षेत्रों में समय बदला, 1650 अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 

बिहार में कल यानी 6 नवंबर को विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग होगी। कुल 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1314 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

 

निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा कारणों से 6 विधानसभा क्षेत्रों के 2135 मतदान केंद्रों पर मतदान समय में एक घंटे की कटौती की है। अब इन केंद्रों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। यह निर्णय संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

 

जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग का समय घटाया गया है, उनमें जमालपुर (492 केंद्र), तारापुर (412), सिमरी बख्तियारपुर (410), मुंगेर (404), महिषी (361) और सूर्यगढ़ा (56) मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं बाकी 115 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।

 

बिहार पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बिहार डीजीपी ने बताया कि राज्यभर में 1650 अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 35 हजार महिला पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी पर तैनात की जाएंगी। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था की गई है और घुड़सवार दस्ते से पेट्रोलिंग कराई जाएगी। संवेदनशील इलाकों में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

 

पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए गठबंधन की ओर से जदयू ने 57, भाजपा ने 48, लोजपा (रामविलास) ने 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 2 प्रत्याशी उतारे हैं। मढ़ौरा सीट पर लोजपा (रामविलास) की प्रत्याशी भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द हो गया था, जिस पर राजग ने निर्दलीय अंकित कुमार को समर्थन दिया है।

 

महागठबंधन की ओर से राजद ने 71, कांग्रेस ने 24, भाकपा माले ने 14, भाकपा ने 5, माकपा और आईआईपी ने 3-3 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

 

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने भी इस चरण में 118 प्रत्याशी उतारे हैं। पहले चरण के मतदान के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पर कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिला और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

 

इस चरण में कुढ़नी और मुजफ्फरपुर सीट पर सबसे अधिक 20 उम्मीदवार हैं, जबकि भोरे, अलौली और परबत्ता में सबसे कम 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

 

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक संपन्न कर ली जाएगी। बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है।

 

कल का मतदान बिहार की राजनीतिक दिशा तय करेगा। जनता के हाथ में नई सरकार की चाबी होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *