apnabiharjharkhand

तेज आंधी बनी काल, पीपल का विशाल पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल


पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। उच्च विद्यालय शिवालय रोड पर अचानक पीपल का विशाल पेड़ टूटकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ तूफान शुरू हो गया। देखते ही देखते सड़क किनारे खड़ा पुराना पीपल का पेड़ जड़ से टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ सीधे बाइक पर जा गिरा, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना में घायल युवक की पहचान रामबंध यादव टोला निवासी सरयू राम के पुत्र अनिल राम के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल अनिल राम को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक युवक अनिल राम के घर रिश्तेदारी में आया हुआ था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कई पुराने और जर्जर पेड़ मौजूद हैं, जो तेज हवा और बारिश के दौरान हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *