भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने *एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडे* को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया और कहा कि इस बार भागलपुर की जनता ने ठान लिया है – “भागलपुर की कीचड़ से कमल खिलेगा।”
श्री चौबे ने कहा कि भाजपा और एनडीए गठबंधन के सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और पूरे जोश के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि *भागलपुर में विकास और सुशासन की जीत तय है*, क्योंकि जनता अब जुमलेबाज और भ्रष्ट ताकतों को अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, और भागलपुर में भी उसी विकास यात्रा को आगे ले जाना है।
प्रेस वार्ता के दौरान *अश्विनी चौबे ने विपक्ष पर तीखा हमला* बोलते हुए कहा कि महागठबंधन अब “महालठबंधन” बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जो लोग आज मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, वे आने वाले समय में कोटली के मुख्य कैदी बनेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं।”
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष की राजनीति सिर्फ जनता को भ्रमित करने की है, जबकि एनडीए की राजनीति सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की है। उन्होंने कहा कि *लोकतंत्र में सुचिता और नैतिकता का होना अनिवार्य है*, लेकिन विपक्ष के नेता इन मूल्यों से कोसों दूर हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री चौबे ने कहा कि यह पार्टी “संविधान की हत्यारी” है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग लोकतंत्र की रक्षा की बातें कर रहे हैं, वही लोग आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट चुके हैं।
अश्विनी चौबे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रवाद, विकास और जनसेवा की भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर भाजपा और एनडीए की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भागलपुर की जनता इस बार जात-पात और झूठे वादों की राजनीति को नकारते हुए एनडीए को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में *भाजपा, जदयू और सहयोगी दलों के कार्यकर्ता* मौजूद रहे, जिन्होंने ‘कमल खिलाना है – विकास लाना है’ के नारे के साथ चुनाव जीतने का संकल्प दोहराया।
अंत में अश्विनी चौबे ने कहा कि भागलपुर की जनता का आशीर्वाद एनडीए के साथ है और आने वाले दिनों में यहां विकास, रोजगार और सुशासन की नई कहानी लिखी जाएगी।
