एक पक्ष ने हमला, दूसरे ने लूटपाट का लगाया आरोप; पुलिस ने जांच शुरू की

 

सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बटराहा में सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

घटना को लेकर दोनों ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं। पहला पक्ष का कहना है कि ड्यूटी से घर लौट रहे मोनू पर अचानक संतोष सिन्हा उर्फ फूटन और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सिंकू कुमार सिंहा ने हमला कर दिया। मारपीट में मोनू गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसे तुरंत अस्पताल लाना पड़ा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह हमला पहले से रंजिश के कारण किया गया।

 

वहीं, दूसरा पक्ष यानी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सिंकू सिंहा ने मोनू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे योजना का काम देख रहे थे, तभी सुमन वर्मा के तीनों बेटे उनसे बाइक मांगने लगे। मना करने पर वे मारपीट पर उतर आए और उन पर हमला कर दिया। सिंकू सिंहा ने दावा किया कि इस हमले में उनकी एक अंगुली टूट गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोनू ने उनसे लूटपाट की कोशिश की। सिंकू सिंहा का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद से उनके विरोधी लगातार उन्हें निशाना बना रहे हैं।

 

दोनों पक्षों के बीच हुए इस विवाद से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

मामले पर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि यह आपसी विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों की ओर से बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के विवाद अक्सर बटराहा इलाके में हो जाते हैं, जिससे माहौल बिगड़ता है। लोग प्रशासन से अपेक्षा कर रहे हैं कि निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

 

फिलहाल, दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में सच्चाई किस पक्ष के पक्ष में सामने आती है और मारपीट तथा लूटपाट के आरोपों में कितनी सच्चाई पाई जाती है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *