भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र स्थित कंजिया बायपास पर किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है। यह मामला लोदीपुर थाना क्षेत्र के अजय कुमार भारती और मनीष कुमार के बीच का है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष कुमार ने करीब दो साल पहले अजय भारती का मकान *द होप अस्पताल* चलाने के लिए 11 साल की लीज पर लिया था। आरोप है कि इसके बावजूद अजय भारती ने अब तक मकान को पूरी तरह से मनीष को हैंडओवर नहीं किया।
मनीष कुमार का कहना है कि इसी विवाद के चलते अजय ने उनके अस्पताल में चोरी करवा दी। मनीष ने बताया कि चोरी की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए हुई। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि अस्पताल से लगभग **2 करोड़ रुपए मूल्य का सामान गायब** है।
पीड़ित मनीष ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस मामले में अजय से बात करने की कोशिश की तो अजय ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि अजय पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
परेशान होकर मनीष कुमार मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मिले और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।