पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में आरपीएफ ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के जनरल कोच से 84 कैन बीयर बरामद की है। यह बीयर दो लावारिस बैगों में रखी हुई थी। बैग पर किसी भी यात्री ने अपना दावा नहीं किया, जिसके बाद आरपीएफ ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए बरामद सामग्री को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अपराध आसूचना शाखा और आरपीएफ पोस्ट धनबाद की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्त और निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान देर रात करीब 1:50 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच की जांच के दौरान दो संदिग्ध लावारिस बैग दिखाई दिए। सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ जवानों ने तत्काल बैग के संबंध में आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने बैग पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया।
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में दोनों बैग खोले गए। तलाशी लेने पर बैगों से हयवार्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर के कुल 84 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन 500 मिलीलीटर क्षमता का था। इस प्रकार कुल 42 लीटर बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,240 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि सभी कैनों पर स्पष्ट रूप से “For Sale in West Bengal Only” अंकित था। इससे आशंका जताई जा रही है कि बीयर को अवैध रूप से दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था। हालांकि, बैग किस व्यक्ति का था और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है।
आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर पूरी बरामदगी को अपने कब्जे में लिया और आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंप दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
संवाददाता : राजेश कुमार, धनबाद





