बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को पटना, भागलपुर, बांका, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और शेखपुरा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में वास्तविक तापमान की तुलना में लोगों को लगभग 5 डिग्री अधिक तापमान का अनुभव हो सकता है। रविवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मोतिहारी शहर लू की चपेट में रहा, वहीं रोहतास और नवादा में हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त गोपालगंज और राजगीर में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

विभाग ने यह भी बताया कि आगामी तीन से चार दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। 14 मई तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में लोग गर्मी से बेहाल रहेंगे। इस दौरान धूप तेज रहेगी और गर्म हवाएं चलेंगी।

हालांकि, 14 मई से उत्तर बिहार के मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पूर्वी और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

15 मई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज और चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। यह बदलाव लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत जरूर देगा।

राज्यवासियों से अपील की गई है कि लू के असर से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और सिर को ढककर रखें। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को भी अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *