बिहार में महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला स्पेशल पिंक बसों का परिचालन जल्द शुरू किया जाएगा। सभी 20 पिंक बसें पंजाब के रोपड़ से लायी जा चुकी हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसRTC) के अनुसार, इन बसों के लिए परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो मई माह तक चलेगी। इसके बाद जून के दूसरे सप्ताह से इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

शुरुआती चरण में ये पिंक बसें राज्य के चार प्रमुख शहरों में चलाई जाएंगी। पटना में सबसे अधिक 10 बसें चलाई जाएंगी, जबकि शेष 10 बसों का संचालन भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में किया जाएगा। महिलाओं को सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। अगर यह योजना सफल रही, तो अक्टूबर माह में 100 और पिंक बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा।

पटना में पिंक बसों के लिए विशिष्ट मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सभी बसें गांधी मैदान से चलेंगी। इनमें गांधी मैदान से दानापुर स्टेशन होते हुए बेली रोड, गांधी मैदान से पटना एम्स वाया पटना स्टेशन, गांधी मैदान से पटना साहिब स्टेशन वाया राजेंद्रनगर, गांधी मैदान से दानापुर बस स्टैंड वाया एएन कॉलेज, और गांधी मैदान से दानापुर बस स्टैंड वाया राजापुर पुल मार्ग शामिल हैं। इन रूटों से पिंक बसें महिलाओं के लिए नियमित और सुरक्षित यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी।

इसके साथ ही, बिहार में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 166 डीलक्स बसों का भी परिचालन इसी माह से शुरू किया जाएगा। इन बसों के परमिट पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अब उद्घाटन की तिथि तय की जा रही है। सभी बसें पूरी तरह से तैयार हैं और ड्राइवरों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

डीलक्स बसों का उद्देश्य सभी 102 अनुमंडलों को उनके संबंधित जिला मुख्यालयों से जोड़ना है। ये बसें अनुमंडल स्तर पर चलाई जाएंगी, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। यह कदम राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

इन दोनों योजनाओं के तहत न सिर्फ यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक भी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *