हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने  जिला और प्रखंडों की बीस सूत्री कमेटियों के गठन में पार्टी की उपेक्षा का आरोप लगाया है। पार्टी संरक्षक सह केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को कहा सब भाजपा-जदयू ने बांट लिया है, जैसे हम एनडीए गठबंधन में नहीं हो। उन्होंने कहा कि हमने भाजपा और जदयू नेतृत्व से बात की है। हमलोग दोबारा लिस्ट भेजेंगे। एम स्ट्रैंड रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद मांझी ने ये आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में बीस सूत्री कमेटी उपाध्यक्ष नहीं बनाया गया। गया में हमारे तीन विधायक और एक एमपी हैं, वहां भी एक सदस्य दिया गया। हमारे चार विधायकों के प्रखंडों में भी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा का अध्यक्ष नहीं दिया गया। सब भाजपा और जदयू के लोगों ने बांट लिया। हम(से.)को दरकिनार किया है। इसपर हमने जेपी नड्डा, संजय झा, दिलीप जाससवाल, अशोक चौधरी से बात की है। हमने उनसे कहा है कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा को अपने गठबंधन में मान रहे हैं कि नहीं। इस पर भाजपा-जदयू के नेताओं ने कहा है कि गलती हो गई है, लिस्ट दीजिए हम सुधार देंगे लेकिन हमारे कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। मांझी ने कहा है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सभी निर्णय के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन को अधिकृत किया गया है। बैठक में सीटों पर भी चर्चा हुई है। कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि हम 35 से 40 सीट पर लड़ें। बैठक में विधानसभा चुनाव और पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार को लेकर रणनीति बनी। सोशल मीडिया को सक्रिय बनाने के लिए पार्टी का यूट्यूब चैनल शुरू करने और हम सेना का गठन करने का निर्णय लिया गया। हर जिले में 100 समर्पित कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *