देश के गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि लालू प्रसाद ने चारा घोटाला कर बिहार को देश और दुनिया में बदनाम किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार का विकास किया। बिहार में जब से एनडीए की सरकार बनी है, राज्य का तेजी से विकास हुआ है। बिहार का विकास करने में नीतीश कुमार ने बड़ी भूमिका निभाई है।
उन्होंने रविवार को पटना और गोपालगंज की सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि आपको जंगलराज चाहिए या एनडीए का विकास। लालू-राबड़ी के जंगलराज की ओर जाना है या मोदी-नीतीश जी के विकास की ओर। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार दो दिवसीय बिहार दौरे पर आए गृह मंत्री ने इस वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के अभियान का शंखनाद किया। उन्होंने राज्य में एक बार फिर नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाने का आह्वान किया।
करीब 20 मिनट के भाषण में गृह मंत्री ने राजद शासनकाल और लालू प्रसाद को निशाने पर लिया। उन्होंने लालू-राबड़ी के शासनकाल की याद दिलाई तो सीएम नीतीश कुमार और एनडीए सरकार के विकासात्मक कार्यों की जमकर तारीफ की। कहा, जब बिहार में राजद की सरकार थी तब बिहार को रंगदारी, जंगलराज, दबंगई, डकैती, अपहरण, फिरौती और अराजकता में धकेल दिया गया था। नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में बिहार का विकास हुआ।
गृह मंत्री ने पटना के बापू सभागार में कहा कि 1990 से 2005 तक विपक्षी सरकारों ने बिहार में हत्या, अपहरण, फिरौती, डकैती और लूटपाट की एक इंडस्ट्री चलाई जिसने राज्य को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। बिहार में विपक्षी सरकारों के शासनकाल में जातीय नरसंहार हुए। सत्तापोषित भ्रष्टाचार हुआ। विपक्षी सरकार को बिहार के इतिहास में हमेशा के लिए जंगलराज के रूप में जाना जाएगा। राजद शासनकाल में पूरे बिहार को तबाह कर रखा था। गृह मंत्री ने कहा कि इस साल के अंत में बिहार में चुनाव होने वाला है। एनडीए फिर से बिहार की जनता के सामने जाने वाला है। लोगों से अपील की कि 2025 के चुनाव में मोदीजी-नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बनानी है। कमल पर बटन दबाकर एनडीए को जिताइए। उन्होंने लोगों से हामी भी भरवाई।