पटना । जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ललन ने राहुल गांधी मामले पर केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जिस तरह से
जल्दी में फैसला लिया गया है इससे लगता है कि केंद्र की सरकार हताशा और बौखलाहट में है। इस फैसले में केद्र सरकार की भूमिका है।
उन्होंने आगे सीबीआई, ईडी और आईटी के इस्तेमाल को लेकर कहा कि 14 राजनीतिक दलों ने एक साथ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, मैं भी उसमें याचिकाकर्ता हूं। हमने यही कहा है कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई, आईटी का उपयोग अपने विरोधियों के खिलाफ कर रही है, उसपर ध्यान दिया जाए।
पांच अप्रैल को इसपर सुनवाई होगी।राहुल गांधी मामले पर ललन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रक्रिया के तहत कारवाई होती है। केंद्र सरकार डरी हुई है। राहुल गांधी मामले में 10 घंटे में सभी प्रक्रिया पूरा कर ली गई। देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति बन गई है।
कहा कि लोगों का विश्वास बीजेपी सरकार से हट रहा है, जिससे वो हताश हैं। देश की जनता सब देख रही है। 2024 लोस चुनाव में एक-एक चीज का जनता हिसाब लेगी। बीजेपी कुछ भी कर ले लोस चुनाव हारेगी। तेजस्वी यादव मामले को लेकर कहा कि जमीन के बदले नौकरी मामले में यूपीए सरकार में भी जांच हुई और सीबीआई ने उस फाइल को बंद कर दिया। 2014 के बाद जांच क्यों नहीं हुई?
