सहरसा में कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, गेस्ट हाउस सील; महिला समेत 6 हिरासत में


सहरसा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित मेहमानजी गेस्ट हाउस में कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सदर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक महिला सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। जांच के दौरान एक विशेष आईना भी मिला है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि इसका इस्तेमाल गेस्ट हाउस के भीतर से बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जाता था, ताकि पुलिस या अन्य लोगों की आवाजाही का पता चल सके।

Sponsored Advertisement

छापेमारी की भनक लगते ही कुछ महिलाएं और युवतियां गेस्ट हाउस के पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गईं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। हिरासत में लिए गए लोगों में गेस्ट हाउस की एक महिला कर्मी भी शामिल है। वहीं पकड़े गए पांच पुरुषों में दो बैजनाथपुर और तीन दरभंगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गेस्ट हाउस को सील कर दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच में लगाया गया है। एफएसएल विशेषज्ञों ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स, गेस्ट हाउस रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह भवन कहरा निवासी नारायण झा का है, जिसे पिछले चार-पांच वर्षों से किराए पर देकर गेस्ट हाउस के रूप में संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब कथित नेटवर्क के संचालकों और उनके सहयोगियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस गेस्ट हाउस में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

  • Related Posts

    सहरसा प्रधान डाकघर में बिजली संकट से काम ठप, जेनरेटर महीनों से खराब; पैसे की जमा-निकासी और राखी की बुकिंग प्रभावित

    सहरसा के प्रधान डाकघर में बिजली व्यवस्था चरमराने और महीनों से जेनरेटर खराब रहने के कारण डाकघर का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं रहने की स्थिति…

    वैशाली में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, सुबह टहलने निकले थे रामनरेश राय

    बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के दिघी खुर्द स्थित नया टोला इलाके…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *