मुजफ्फरपुर में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह के दौरान करीब 50 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवरात चोरी होने से हड़कंप मच गया। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के कंपनीबाग रोड स्थित एक क्लब में आयोजित वर-वधू स्वागत समारोह के दौरान हुई। समारोह एलएस कॉलेज की हेड मास्टर प्रोफेसर कनुप्रिया के बेटे की शादी के रिसेप्शन के मौके पर आयोजित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, प्रो. कनुप्रिया के बेटे की शादी 19 जून को हुई थी, जबकि सोमवार रात रिसेप्शन कार्यक्रम रखा गया था। समारोह में शहर के कई वीआईपी, नेता, मंत्री, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए थे। परिवार के सदस्यों ने अपने कीमती सोने और हीरे के जेवरात एक बैग में सुरक्षित रखे थे।
परिजनों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दो युवक प्रो. कनुप्रिया के पास पहुंचे और फोटो खिंचवाने की बात करने लगे। बातचीत और फोटो के बहाने उनका ध्यान कुछ देर के लिए दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान जेवरात से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। परिवार को संदेह है कि फोटो खिंचवाने के बहाने आए दोनों युवकों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया।
चोरी का पता चलते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मेहमान बैग की तलाश में जुट गए, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि चोरी हुए बैग में परिवार के कई सदस्यों के महंगे सोने और हीरे के आभूषण रखे हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों संदिग्ध युवक स्कूटी से मौके से फरार हुए हैं। पुलिस समारोह स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मामले पर एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने कहा कि घटना गंभीर है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।






