सहरसा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक टीसी ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटा जा रहा है। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल कानून का पालन करना नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। कई बार छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है। इसलिए सभी वाहन चालक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
ट्रैफिक टीसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन न चलाएं। यदि किसी व्यक्ति के पास वैध लाइसेंस नहीं है तो उसे वाहन चलाने से बचना चाहिए। इसके अलावा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज भी अपने साथ रखें ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को बाइक, स्कूटी या अन्य वाहन चलाने के लिए न दें। यदि किसी कारणवश बच्चों को कहीं जाना आवश्यक हो तो अभिभावक स्वयं उनके साथ जाएं। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि उनकी जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
वियो:
सहरसा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर को अपनी प्राथमिकता बनाने की अपील कर रही है।