भागलपुर में वर्ष 2019 में एक युवक ने खेल रही बच्ची को बिस्कुट का लालच देकर दुष्कर्म किया। भागलपुर अदालत ने आरोपित उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस घटना के बाद बच्‍ची की हालत काफी खराब हो गई थी।

भागलपुर । पांच साल की बच्ची को बिस्कुट का लालच दे दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त प्रमोद मंडल को अब जेल में उम्रकैद की सजा काटनी होगी। विशेष पाक्सो न्यायाधीश पन्ना लाल की अदालत ने शुक्रवार को दुष्कर्म कांड के दोषी प्रमोद मंडल को आजीवन कारावास की सजा अपने निर्णय में दी है। विशेष न्यायाधीश ने अभियुक्त को एक लाख रुपये का अर्थदंड भी देने को कहा है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने की सूरत में एक साल की अतिरिक्त सजा अभियुक्त को काटनी होगी। अपने निर्णय में विशेष न्यायाधीश ने पीडिता की आर्थिक मदद के लिए पांच लाख रुपये की सहायता राशि पीड़ित सहायता कोष से देने का आदेश दिया है।

विशेष पाक्सो न्यायाधीश पन्ना लाल ने सुनवाई के दौरान अभियुक्त प्रमोद मंडल को सुनाई सजा

लोदीपुर थाना क्षेत्र में हुई थी 29 अक्टूबर 2019 को वारदात

सरकार की तरफ से विशेष लोक अभियोजक शंकर जयकिशन मंडल ने बहस में भाग लिया। मालूम हो कि लोदीपुर थाना क्षेत्र में 29 अक्टूबर 2019 को पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को तब अंजाम दिया गया था जब बच्ची खेल रही थी। अभियुक्त उसे खेलने के दौरान गोद में उठा कर बिस्कुट का लालच दे एकांत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया था। खून से लतपथ हाल में बच्ची को गांव के गोपाल के घर से बरामद किया गया था। तब अभियुक्त को लोगों ने बिना पैंट के वहां से भागते देखा था। घटना को लेकर तब इलाके में तनाव कायम हो गया था। स्थानीय पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने और हालात सामान्य करने के लिए कई दिनों तक विशेष गश्त लगानी पड़ी थी।

जिस समय यह घटना घटी थी, उसके बाद गांव में काफी तनाव हो गया था। पीडि़त के स्‍वजन लगातार पुलिस को दुष्‍कर्म के आरोपित को पकड़ने की मांग कर रहे थे। अन्‍य लोगों ने भी इस घटना को काफी जघन्‍य बताया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *