रविवार को जिले में संदिग्ध डेंगू के महज दो ही मामले जांच में पाये गये। जबकि इस मौके पर कुल 112 लोगों का किट से डेंगू जांच किया गया था। सिविल सर्जन डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि संदिग्ध डेंगू के दोनों मामले मायागंज अस्पताल में पाये गये हैं। वहीं एक भी कन्फर्म डेंगू का मामला नहीं पाया गया है। रविवार को जिले में संदिग्ध डेंगू का पॉजिटिविटी रेट 1.78 प्रतिशत रही।
मायागंज अस्पताल में डेंगू के पांच मरीज भर्ती
मायागंज अस्पताल में रविवार को डेंगू के पांच मरीज भर्ती हुए। इनमें से तीन मरीज भागलपुर शहर के तो एक-एक मरीज बांका व झारखंड प्रदेश के गोड्डा जिला निवासी हैं। मायागंज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. असीम कुमार दास ने बताया कि रविवार को एमसीएच डेंगू वार्ड में भागलपुर शहर के मायागंज मुहल्ला निवासी 28 साल की महिला, 35 साल का युवक व 30 साल की महिला डेंगू का शिकार होकर भर्ती हुई। वहीं बांका जिले के रजौन निवासी 26 साल का युवक व झारखंड प्रदेश के गोड्डा जिला निवासी 62 साल के डेंगू पॉजिटिव बुजुर्ग वार्ड में भर्ती हुए। वहीं डेंगू वार्ड में भर्ती 25 डेंगू के मरीज डिस्चार्ज कर दिये गये। रविवार को वार्ड में भर्ती कुल मरीजों की संख्या 24 रही।