सहरसा में आकाशीय बिजली का कहर: मवेशी बांधने के दौरान महिला की मौत, परिवार में मातम

सहरसा बिहार के सहरसा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 64 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र के नादो पंचायत अंतर्गत मधुरा गांव के वार्ड संख्या-3 में देर रात हुई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Sponsored Advertisement

मृतका की पहचान मधुरा गांव निवासी सुलेंद्र यादव की 64 वर्षीय पत्नी मंगला देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगला देवी देर रात घर के बाहर मवेशियों को बांधने और सुरक्षित करने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलने पर सौरबाजार थाना के एसआई मनीष कुमार, ज्योति कुमारी सहित पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एवं सैंपल एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

राजस्व कर्मचारी अनिल कुमार दास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आकाशीय बिजली गिरने से मौत का प्रतीत हो रहा है। सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के परिजनों को नियमानुसार आपदा राहत एवं मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

 

मृतका के पति सुलेंद्र यादव, पुत्र मनीष कुमार और रूपेश कुमार सहित अन्य परिजनों ने बताया कि मंगला देवी की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई है। घटना के बाद गांव के बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण भी मौजूद रहे तथा प्रशासन से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

 

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और तेज गर्जना के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

 

संवाददाता : इन्द्रदेव जी

Related Posts

धनबाद में फिर भू-धसान का कहर: आधा दर्जन घर जमींदोज, बाइट के दौरान ही ढहा महिला का मकान; बाल-बाल बचे लोग और मीडियाकर्मी

धनबाद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर भू-धसान की बड़ी घटना सामने आई है। मंगलवार की देर शाम कतरास थाना क्षेत्र के सेलेक्टेड गोविंदपुर में…

रॉन्ग साइड चलने से हाईवे पर तीन वाहनों की भीषण भिड़ंत, महिला समेत चार घायल; स्कूल वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित

धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर स्थित नेशनल हाईवे पर मंगलवार को रॉन्ग साइड से वाहन चलाने के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *