सीतामढ़ी में शराब से भरे ट्रक पर टूटी भीड़, पुलिस पहुंचने से पहले सैकड़ों लोगों ने लूट ली विदेशी शराब


सीतामढ़ी में पूर्ण शराबबंदी कानून की हकीकत पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। बोखड़ा थाना क्षेत्र के बुधनगरा पुरानी बाजार के पास विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को पुलिस ने जब्त किया, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों ग्रामीण ट्रक पर टूट पड़े और बड़ी मात्रा में शराब लूटकर ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुधनगरा पुरानी बाजार के पास पुल के निकट एक ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है और उसे उतारने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब तस्करों को कार्रवाई की भनक लग गई और वे ट्रक छोड़कर फरार हो गए।

इसी बीच आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में वहां जुट गए। देखते ही देखते ट्रक पर लदी शराब के कार्टनों और बोतलों को लूटने की होड़ मच गई। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग ट्रक के आसपास जमा हैं और शराब के कार्टन लेकर भाग रहे हैं। पुलिस के पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने शराब छोड़ दी, लेकिन कई लोग शराब लेकर मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना ने शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिस शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम शराब लूट की यह घटना प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है।

बोखड़ा थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी। मौके से ट्रक सहित भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर विधिवत जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शराब कारोबारी की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल, शराब से भरे ट्रक पर ग्रामीणों की लूट का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Posts

सहरसा सदर अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की हड़ताल, मारपीट के आरोप में कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग

सहरसा सदर अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की हड़ताल, मारपीट के आरोप में कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग

दीक्षांत परेड में शामिल होने जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, स्कॉर्पियो पलटी; महिला समेत 5 घायल, दो हायर सेंटर रेफर

दीक्षांत परेड में शामिल होने जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, स्कॉर्पियो पलटी; महिला समेत 5 घायल, दो हायर सेंटर रेफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *