
भागलपुर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को उनके पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 के तहत की जा रही है।
निगरानी विभाग के अनुसार, अजीत कुमार दास के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिलने के बाद उनकी संपत्ति की जांच की गई थी। जांच में लगभग 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया। इसके बाद उनके खिलाफ निगरानी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और न्यायालय से तलाशी की अनुमति लेकर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
अजीत कुमार दास पूर्व में ग्रामीण कार्य विभाग के भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में है। वह वर्ष 2013 से ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत हैं।
छापेमारी के दौरान निगरानी टीम पटना स्थित उनके निर्माणाधीन मकान और वर्तमान में किराये पर लिए गए आवास की भी तलाशी ले रही है। निर्माणाधीन मकान में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। वहीं, टीम उनके पैतृक आवास नवगछिया के तेतरी गांव भी पहुंची। यहां तलाशी के दौरान फिलहाल जब्ती योग्य दस्तावेज नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है।
इस संबंध में निगरानी विभाग के वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोपनीय जांच में करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अन्य ठिकानों पर तलाशी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और जब्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल सभी निर्धारित ठिकानों पर निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है।





