कोसी की आर्द्रभूमियों में गूंजने लगी प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट, जैव विविधता का सर्वे शुरू

सहरसा। सर्दियों की दस्तक के साथ ही कोसी क्षेत्र के जलाशयों और आर्द्रभूमियों में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। इन पक्षियों की बढ़ती मौजूदगी के बीच वन विभाग ने सहरसा और मधेपुरा जिले की प्रमुख आर्द्रभूमियों में जैव विविधता का वैज्ञानिक सर्वेक्षण शुरू करने की पहल की है। इसके तहत विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की पहचान कर उनका विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

 

Sponsored Advertisement

इसी क्रम में मंगलवार को वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) भरत चिंतपल्ली ने शहर स्थित मत्स्यगंधा झील का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने झील में मौजूद प्रवासी पक्षियों, वनस्पतियों और अन्य जीव-जंतुओं का अवलोकन किया। डीएफओ ने बताया कि दोनों जिलों में ढाई हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाली आर्द्रभूमियों को सर्वेक्षण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। सर्वे के दौरान पक्षियों के साथ मेंढक, कछुए और अन्य जीव-जंतुओं की प्रजातियों की भी पहचान की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि हाल ही में कोसी नदी के दौरे के दौरान टीम को रेडशैंक नामक दुर्लभ पक्षी दिखाई दिया था। इसके अलावा पलास गल, बार-हेडेड गूज और ईगल की कुछ प्रजातियां भी देखी गई हैं। उम्मीद है कि ठंड बढ़ने के साथ आने वाले महीनों में प्रवासी पक्षियों की संख्या में और इजाफा होगा।

 

यह पहल बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड के नए इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है। इसके लिए बीएन मंडल विश्वविद्यालय से जूलॉजी विषय में पीएचडी कर रहे शोधार्थी शंकर को परियोजना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फील्ड सर्वेक्षण में वन विभाग के वनरक्षी और वनपाल भी सहयोग करेंगे।

 

डीएफओ भरत चिंतपल्ली ने कहा कि जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। जब तक क्षेत्र में मौजूद प्रजातियों की पहचान और उनके महत्व को नहीं समझा जाएगा, तब तक उनका प्रभावी संरक्षण संभव नहीं है। ऐसे में वैज्ञानिक तरीके से जैव विविधता का दस्तावेजीकरण कोसी क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Related Posts

इस्लामपुर स्कूल विवाद: जांच में चावल गबन का आरोप बेबुनियाद, शिक्षकों की सुरक्षा के लिए डीईओ ने लिखा पत्र

सहरसा नवहट्टा नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में मध्याह्न भोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। विद्यालय में शिक्षकों के साथ कथित…

लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का डीआईजी ने दिया निर्देश, तीनों जिलों के एसपी के साथ की समीक्षा

सहरसा। कोशी क्षेत्र में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ.…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *