रोहतास में लंबित न्यायिक मामलों के निष्पादन में आएगी तेजी, डीएम ने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने का दिया निर्देश

रोहतास: जिले में लंबित न्यायिक मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को न्यायालय से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायिक मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Sponsored Advertisement

सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में CWJC (सिविल रिट क्षेत्राधिकार मामला) और MJC (विविध न्यायिक मामला) से संबंधित लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े न्यायिक मामलों की वर्तमान स्थिति और उनके निष्पादन में हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

समीक्षा के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में न्यायालय के समक्ष प्रति शपथ-पत्र (काउंटर एफिडेविट), तथ्यात्मक प्रतिवेदन या अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने हैं, उनमें किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक कागजात निर्धारित समय के भीतर तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएं।

 

जिलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल बनाकर आवश्यक अभिलेख और प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि न्यायालय में प्रभावी जवाब दाखिल करने में कोई परेशानी न हो।

 

इसके साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित न्यायिक मामलों की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई का अद्यतन रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया गया।

 

डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का समय पर अनुपालन करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

 

बैठक में विधि शाखा प्रभारी मोहम्मद जफर हसन उपस्थित रहे। वहीं, जिले के विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related Posts

कोईलवर नगर पंचायत की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा, खराब स्ट्रीट लाइटों की होगी मरम्मत; कई वार्डों में बोरिंग विस्तार की योजना

कोईलवर: नगर पंचायत कोईलवर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत कार्यालय…

पत्रकार आलोक कुमार भारती बने अखिल भारतीय गोस्वामी समाज के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी, तत्काल प्रभाव से मिली जिम्मेदारी

आरा: अखिल भारतीय गोस्वामी समाज (रजि.), बिहार ने पत्रकार आलोक कुमार भारती को बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी मनोनीत किया है। उनकी नियुक्ति से संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों में खुशी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *