बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेलर से जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा गांव के पास फोरलेन की है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दरअसल, बीती रात बाढ़ के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर गई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद स्कॉर्पियो पर सवार चालक समेत आठ लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अहले सुबह करीब पांच बजे अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार टेलर से स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान साकसोहरा की रहने वाली 18 वर्षीय बब्ली कुमारी, बाढ़ के सिकंदरा गांव की 26 वर्षीय पूनम कुमारी, अकबरपुर निवासी 20 वर्षीय अशोक कुमार उर्फ धीरज और बेलछी थाना क्षेत्र के बाघा टीला की रहने वाली 19 वर्षीय रेणु देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दूल्हे की चचेरी बहन और उसकी बेटी भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला के प्रभारी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
एएसआई अंजनी कुमार ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि स्कॉर्पियो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना की वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।






