झारखंड के साहिबगंज में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला है। बाइक सवार बदमाशों ने 43 वर्षीय मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान साहिबगंज के पूर्वी फाटक स्थित शिव मंदिर गली निवासी स्वर्गीय शीतल साह के पुत्र मुन्ना साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि मुन्ना साह बड़ी काली मंदिर के आगे अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पवन साह और रूपक पासवान वहां पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान पवन साह ने मुन्ना साह के सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह को आनन-फानन में सदर अस्पताल साहिबगंज ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि पवन साह पहले भी मुन्ना साह से रंगदारी मांगता था और गाली-गलौज कर उन्हें परेशान करता था। परिजनों के अनुसार, इसी विवाद को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद नामजद आरोपी पवन साह और रूपक पासवान ने सुबह थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आपसी विवाद और अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस पड़ताल कर रही है। इस वारदात ने एक बार फिर साहिबगंज में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





