मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, पंजाब नंबर के ट्रक से एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। दूसरे राज्यों से लगातार शराब की बड़ी-बड़ी खेप बिहार पहुंचाई जा रही है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नंबर के एक ट्रक से करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब बरामद की है। मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 का है। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां पंजाब नंबर का एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड है। सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार के निर्देश पर एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली, तो उसके अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार के मुताबिक, पूछताछ में चालक ने बताया कि वह पंजाब से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था। यहां अलग-अलग स्थानों पर शराब की डिलीवरी की जानी थी। हालांकि, तस्करों की योजना सफल होती, उससे पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने शराब की खेप पकड़ ली।

फिलहाल बरामद शराब का मिलान किया जा रहा है। वहीं, चालक से पूछताछ के आधार पर स्थानीय शराब तस्करों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस कार्रवाई से शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

गौरतलब है कि बिहार में एक अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद दूसरे राज्यों से शराब की तस्करी लगातार जारी है। सरकार और प्रशासन की तमाम कार्रवाइयों के बीच मुजफ्फरपुर में एक करोड़ की शराब बरामदगी ने एक बार फिर शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

गया में विकास मित्र शंकर मांझी हत्याकांड का खुलासा, दो लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

गया में विकास मित्र शंकर मांझी हत्याकांड का खुलासा, दो लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

मधुबनी में ASI की गोली से मौत के बाद बवाल, आक्रोशित महिला ने पकड़ा डीएम का कॉलर; 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात

मधुबनी में ASI की गोली से मौत के बाद बवाल, आक्रोशित महिला ने पकड़ा डीएम का कॉलर; 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *