झारखंड के जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत पहाड़गोड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू मैदान के पास दो बैलों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में पशुओं के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर चिंता जताई जा रही है। वहीं, भाजपा ने गो तस्करी पर रोक लगाने और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन से दोनों बैलों को सड़क पर फेंक दिया गया। इस दौरान एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल अवस्था में मिला। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
इस मामले को लेकर भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद चिंताजनक है। प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करनी चाहिए और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही, घायल बैल के इलाज और उसकी सुरक्षा के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की।
माधव चंद्र महतो ने नाला विधानसभा क्षेत्र में गो तस्करी पर प्रभावी रोक नहीं लगने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि गो तस्करी पर रोक लगाने और इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता थाने का घेराव करेंगे और आंदोलन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुंदन गोस्वामी, जीवन मंडल, तपन सिंह, गया प्रसाद मंडल, जगबंधु घोष, पूर्ण मंडल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
**लोकेशन: जामताड़ा**
**रिपोर्ट: संतोष कुमार**





