पलामू: झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार प्रखंड अंतर्गत बसना गांव में गीता देवी की हत्या के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग उठने लगी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता किशोर कुमार पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
किशोर कुमार पाण्डेय ने कहा कि उनके पैतृक गांव में इस तरह की घटना होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। गीता देवी की हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया जाना मानवता को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रयास किया जाएगा।
सरकार से नौकरी और 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग
किशोर पाण्डेय ने झारखंड सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही, परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस मुश्किल परिस्थिति में परिवार अपनी आजीविका चला सके।
उन्होंने गीता देवी के किडनी रोग से ग्रसित बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों के उपचार और परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ कदम उठाना चाहिए।
हत्याकांड में स्पीडी ट्रायल की मांग
भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन से मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कराने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पलामू पुलिस की पूरी टीम की सराहना भी की।
गौरतलब है कि नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में पूजा पंडाल से घर लौट रही गीता देवी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने और वारदात से जुड़े सामान बरामद करने की जानकारी दी है। अब पीड़ित परिवार के लिए सरकारी सहायता, बच्चों के इलाज और शीघ्र न्याय की मांग उठाई गई है।
लोकेशन: पलामू, झारखंड
संवाददाता: सत्यम शुक्ला





