जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत सालुका में शनिवार को जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर इसकी आधारशिला रखी। इस केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को अपने कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बहुउद्देशीय विपणन केंद्र बनने से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा होगी। साथ ही स्थानीय बाजार व्यवस्था को मजबूत करने और सामने स्थित कोल्ड स्टोरेज में रखे कृषि उत्पादों की बिक्री के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि यह पहल किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के दौरान रवींद्रनाथ महतो ने नाला प्रखंड के मालंचा पहाड़ के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि यहां स्थित काजू बागान में नए सिरे से पौधारोपण की तैयारी की जा रही है। वन विभाग को अधिक से अधिक काजू के पेड़ लगाने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही इस दिशा में काम शुरू होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में काजू की खेती को बढ़ावा मिल सकेगा।
उन्होंने मालंचा पहाड़ पर चाय की खेती की संभावनाओं का भी जिक्र किया। इसके लिए वैज्ञानिकों की टीम को अनुसंधान करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट अनुकूल आने पर यहां चाय की खेती और पौधारोपण शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा मालंचा पहाड़ में बी-वेनम यानी मधुमक्खियों से प्राप्त होने वाले विष पर भी अनुसंधान किया जा रहा है। अनुसंधान सफल होने पर इस क्षेत्र में इसके उत्पादन की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इन पहलों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का मंच संचालन सफीक अंसारी ने किया। मौके पर उज्ज्वल भट्टाचार्य, बासुदेव हांसदा, भवसिंधु लायक, सलीम जहांगीर, नदियानंद सिंह, दयामय मंडल, गौर यादव, शांति राय, बापी राय सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लोकेशन: जामताड़ा
रिपोर्ट: संतोष कुमार





