सहरसा में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के प्रति लोगों को जागरूक करना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व कोशी प्रमंडल सहरसा के आरडीडीई सह आयुक्त सचिव श्री अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मियों ने बाल श्रम के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन करेंगे और न ही उसे बढ़ावा देंगे। साथ ही समाज में बाल श्रम के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के बचपन, शिक्षा और विकास के अधिकारों का हनन करता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह बाल श्रम के खिलाफ आवाज उठाए और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करे।
कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि बाल श्रम केवल एक कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसका समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। बच्चों को श्रम से दूर रखकर शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना ही एक विकसित और जागरूक समाज की पहचान है।
इस अवसर पर उप निदेशक (जनसंपर्क) सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार है तथा बाल श्रम मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।संवाददाता : इन्द्रदेव






