अररिया: बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। उदापुल के निकट बकरा नदी में तीन बच्चियां डूब गईं। हादसे में एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य बच्चियों की तलाश जारी है। घटना के बाद उदा गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिट्टी लाने गई थीं तीनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां चिरह पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित उदा गांव की रहने वाली थीं। उनकी पहचान यूसुफ की 12 वर्षीय पुत्री रफत, जसीम की 13 वर्षीय पुत्री ऐनाज और मुजाहिद की 12 वर्षीय पुत्री नाजदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां मिट्टी लाने गई थीं। इसके बाद वे पानी लेकर साफ-सफाई करने और हाथ-पैर धोने के लिए नदी की ओर चली गईं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई।
एक-दूसरे को बचाने में डूबीं बच्चियां
परिजन मोहम्मद तबारक के मुताबिक, जब एक बच्ची डूबने लगी तो उसे बचाने के लिए दोनों अन्य बच्चियां भी पानी में उतर गईं। इस दौरान तीनों डूबने लगीं। मौके पर मौजूद चौथी लड़की ने अपना दुपट्टा उतारकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
शाम को मिला एक बच्ची का शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। करीब सौ लोग अलग-अलग स्थानों पर बच्चियों की तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे ऐनाज का शव बरामद किया गया। वहीं, रफत और नाजदा का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
एसडीआरएफ की टीम चला रही तलाशी अभियान
सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया। अंचल अधिकारी हर्ष हरि ने बताया कि ऐनाज का शव बरामद हो चुका है, जबकि अन्य दो बच्चियों की तलाश जारी है। दोपहर करीब एक बजे से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
तीन बच्चियों के नदी में डूबने की घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजन और ग्रामीण दोनों लापता बच्चियों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।




