मधेपुरा जिले के खुर्दा में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले में इस बार भी कुश्ती का रोमांच देखने को मिलेगा। दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों की 20 सदस्यीय टीम सहरसा पहुंच चुकी है। सोमवार को मेले के उद्घाटन के बाद पहलवानों के बीच कुश्ती मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसमें राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के पहलवान अपनी ताकत और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, खुर्दा में वर्ष 1990 से लगातार दुर्गा पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के प्रयास से आयोजित इस मेले में प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से पहलवान हिस्सा लेने पहुंचते हैं। इस बार भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के शामिल होने से प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
कुश्ती प्रतियोगिता के अलावा मेले में मुंबई के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजकों की ओर से मेले में विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी की गई है, जिससे दर्शकों को खेल के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिलेगा।
**युवतियों से खेल के क्षेत्र में आगे आने की अपील**
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी माननीया राजपूत ने युवतियों से खेल के क्षेत्र में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों में बेहतर भविष्य बनाने के कई अवसर हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अंडर-17 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। उन्होंने युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और खेल के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
**विभिन्न राज्यों के पहलवानों के बीच होंगे मुकाबले**
कुश्ती कोच विक्रम कुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से खुर्दा मेले में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी विभिन्न राज्यों के पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
खुर्दा मेले में दंगल प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। अब सभी की निगाहें पहलवानों के मुकाबलों पर टिकी हैं।





