मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल, आधा दर्जन से अधिक घरों में लगाई आग

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद रविवार सुबह जमकर बवाल हुआ। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित लोग उग्र हो गए। भीड़ ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन से अधिक घरों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है।

मामला करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे और परतापुर गांव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार देर रात अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद नवनीत के साथ मारपीट की गई और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Sponsored Advertisement

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही नवनीत का शव गांव पहुंचा, लोगों का गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद आक्रोशित भीड़ परतापुर गांव पहुंची और कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। आगजनी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना के दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर, दमकल की टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, स्थिति को सामान्य बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Related Posts

वीटीआर में बाघ की मौत से मचा हड़कंप, बुजुर्ग पर हमला करने के बाद जंगल में मिला शव

वीटीआर में बाघ की मौत से मचा हड़कंप, बुजुर्ग पर हमला करने के बाद जंगल में मिला शव

पटना स्नातक चुनाव: डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में उतरे अनंत सिंह, नीरज कुमार को लेकर बोले- जमानत जब्त करा देंगे

पटना स्नातक चुनाव: डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में उतरे अनंत सिंह, नीरज कुमार को लेकर बोले- जमानत जब्त करा देंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *