जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड मुख्यालय स्थित नेताजी स्टेडियम में शुक्रवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप का भव्य उद्घाटन किया गया। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर पूजा मंडप का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नाला की दुर्गा पूजा की परंपरा, भव्यता और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
26 वर्षों से बरकरार है नाला की दुर्गा पूजा की भव्यता
अपने संबोधन में रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला की दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। पिछले 26 वर्षों से नाला जैसे छोटे से क्षेत्र में जिस भव्यता, श्रद्धा और अनुशासन के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है, वह पूरे जिले के लिए एक मिसाल है।
उन्होंने पूजा कमेटी के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा की इस भव्यता और परंपरा को आने वाले वर्षों में भी इसी तरह बरकरार रखा जाए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष चौकसी के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का त्योहार प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे में सभी लोगों को मिल-जुलकर पर्व मनाना चाहिए।
उन्होंने पूजा मंडप में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। साथ ही, पूजा कमेटी और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनार्दन भंडारी, फतेहपुर प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो, मुखिया अजित मुर्मू, मुखिया प्रतिनिधि गुपीन सोरेन लायक, राजू दास, पूजा कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, सचिव संजीव ठाकुर, विकास बनर्जी, उज्ज्वल मंडल, बापी पाल, दयामय लायक, प्रत्यूष मंडल, राजा भट्टाचार्य और निर्मल माजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।





