जामताड़ा। संतोष कुमार। साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाने का काम करते थे। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर बने एक क्षतिग्रस्त मकान में छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। मौके से 11 मोबाइल फोन, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह को साइबर ठगी की गतिविधियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने पिंडारी रेलवे फाटक के पास स्थित खंडहरनुमा मकान में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के नाम पर केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देते थे। इसके अलावा ई-चालान, शादी के कार्ड, आमंत्रण पत्र, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी कनेक्शन के नाम पर लोगों को फर्जी APK फाइल भेजते थे।
आरोपी खुद को संबंधित कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद व्हाट्सऐप स्क्रीन शेयर करवाकर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। ठगी की रकम को विभिन्न राज्यों के फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाला जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीत कुमार दास (25), कपिल दास (30), सीतेश्वर दास (29) और तनवीर अंसारी (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र, जिला जामताड़ा के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट, 2023 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित साइबर थाना जामताड़ा के पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।






